मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

पेंशनरों के लिए पेंशनर भवन की मांग तेज, हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त कुल्लू से मिला

फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
जिले के सैकड़ों बुजुर्ग पेंशनरों की बुनियादी सुविधा से जुड़ा “पेंशनर भवन” का मामला दो वर्षों से फाइलों में कैद है और अब इसे लेकर पेंशनरों का धैर्य जवाब देने लगा है। अपनी वर्षों पुरानी मांग को लेकर हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष एल०आर० गुलशन के नेतृत्व में बुधवार को नवनियुक्त उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा से मिला और जिला मुख्यालय कुल्लू में 10 बिस्वा भूमि तत्काल आबंटित करने की मांग को जोरदार ढंग से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त का पारंपरिक कुल्लवी टोपी व मफलर पहनाकर स्वागत तो किया, लेकिन साथ ही प्रशासनिक सुस्ती पर तीखा असंतोष भी जताया। संघ ने स्पष्ट कहा कि पूर्व उपायुक्त के निर्देशों के बावजूद एसडीएम स्तर से लेकर सेटलमेंट कार्यालय तक फाइल घूमती रही और बिना पेंशनरों को विश्वास में लिए प्रस्ताव वापस लौटा दिया गया। हैरानी की बात यह है कि जिला मुख्यालय के आसपास भूमि उपलब्ध होने के बावजूद मामला आज तक सिरे नहीं चढ़ सका।
पेंशनभोगी संघ ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि राजस्व विभाग के उदासीन रवैये ने बुजुर्गों को अपमानित करने का काम किया है। ढालपुर स्थित क्षेत्रीय अस्पताल पांच जिलों के लिए जीवनरेखा है, जहां दूरदराज से इलाज करवाने आने वाले वयोवृद्ध पेंशनरों को कई-कई दिन महंगे होटलों में ठहरना पड़ता है। सीमित पेंशन में यह खर्च उनके लिए भारी पड़ रहा है। इतना ही नहीं, अपनी बैठकों के लिए भी उन्हें मंदिरों, महिला मंडलों और सराय भवनों का सहारा लेना पड़ता है, जो प्रशासनिक संवेदनहीनता की तस्वीर पेश करता है।
संघ ने लंबित पेंशन मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग भी उठाई और कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए।
उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि मांगपत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, लेकिन पेंशनरों की निगाहें अब फैसले की समयसीमा पर टिकी हैं।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष खुशहाल चंद नेगी, एसपी सागर, सुरेश कुमार शर्मा, चिंतपूर्णा शर्मा, दयाल सिंह ठाकुर, तेज सिंह ठाकुर, नील चंद, शारदा नंद शर्मा, राधा देवी, रूबी जमवाल और संतोष जमवाल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।

और पढ़ें

जिला परिषद वार्ड बलागाड/धाऊगी और ज्येष्ठा वार्ड से  भाजपा प्रत्याशी घोषित, कार्यकर्ताओं में उत्साह।

आनी में पंचायत चुनाव 2026: निर्वाचन अधिकारियों व कर्मियों के लिए प्रथम पूर्वाभ्यास आयोजित।

कुल्लू जिला परिषद चुनाव: भाजपा ने 14 वार्डों के प्रत्याशी घोषित किए, दावेदारों की अधिकता से बढ़ी अंदरूनी चुनौती।

खाड़ागाड़ पंचायत में निर्विरोध चुनाव की परंपरा कायम, दो वार्डों में सर्वसम्मति से चुने गए पंच।

जिला स्तरीय सैंज मेला का भव्य शुभारंभ, पांच दिवसीय आयोजन में संस्कृति और आस्था का संगम।

आनी क्षेत्र में जमा दो बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन, रोहित भारती सहित कई विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान।

You cannot copy content of this page