फ्रंट पेज न्यूज़ (राज शर्मा)निरमंड/आनी।
हिमालय की गोद में स्थित भगवान शिव के दिव्य एवं पौराणिक धाम श्री खंड कैलाश महादेव की पवित्र छड़ी यात्रा-2026 आगामी 25 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अभी से भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह धार्मिक यात्रा भगवान शिव के पवित्र धाम श्री खंड महादेव तक पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्ग को पार कर भोलेनाथ के दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करेंगे।

पोस्टर में श्रद्धालुओं से आह्वान किया गया है कि वे इस दिव्य एवं पावन यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव की कृपा प्राप्त करें तथा अपने जीवन को कृतार्थ बनाएं। श्री खंड कैलाश महादेव को हिमाचल प्रदेश के सबसे कठिन और श्रद्धा से परिपूर्ण तीर्थों में गिना जाता है, जहां हर वर्ष हजारों शिव भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

यह रहेगा यात्रा मार्ग
यात्रा का प्रारंभ जाओं (Jaon) गांव से होगा। इसके बाद श्रद्धालु निम्न पड़ावों से होकर श्री खंड महादेव तक पहुंचेंगे—
जाओं से सिंहगाड़ – 4 किलोमीटर
सिंहगाड़ से बराहटी नाला (लंगर स्थल) – 2 किलोमीटर
बराहटी नाला से थाचरू – 5 किलोमीटर
थाचरू से काली घाटी – 3 किलोमीटर
काली घाटी से भीम डवारी – 8 किलोमीटर
भीम डवारी से पार्वती बाग – 3 किलोमीटर
पार्वती बाग से नयन सरोवर – 3 किलोमीटर
नयन सरोवर से श्री खंड महादेव – लगभग 3 से 4 किलोमीटर

यह पूरा मार्ग ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों, दुर्गम चट्टानों और चुनौतीपूर्ण चढ़ाई से होकर गुजरता है, जिसके कारण इसे देश की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शामिल किया जाता है।
श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आयोजकों ने यात्रियों से स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया है। जारी निर्देशों में कहा गया है कि—

यात्रा कठिन एवं जोखिम भरी है, इसलिए शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट होकर ही यात्रा करें।
गर्म कपड़े, वर्षाती, टॉर्च, दवाइयां तथा ऊनी वस्त्र साथ रखें।
प्लास्टिक का उपयोग न करें।
यात्रा मार्ग पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं।
प्रकृति एवं पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखें।
यात्रा के दौरान संयम और अनुशासन का पालन करें।
जरूरतमंद यात्रियों की सहायता करें।


श्रद्धालुओं में उत्साह
श्री खंड कैलाश महादेव यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि साहस, धैर्य और प्रकृति के साथ आध्यात्मिक जुड़ाव का भी अद्भुत अनुभव मानी जाती है। हर वर्ष देशभर से हजारों श्रद्धालु इस कठिन यात्रा में भाग लेकर भगवान शिव के दर्शन करते हैं। वर्ष 2026 की यात्रा के लिए भी भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजकों ने सभी शिव भक्तों का इस पावन यात्रा में स्वागत करते हुए कहा है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे और यात्रा सफल एवं मंगलमय हो।
संपर्क: योगीराज दावत गिरी – 7567506302
हर हर महादेव | जय श्री खंड कैलाश महादेव।







