फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा)आनी।
संकुल आनी की तीन दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 7 जून से 9 जून 2026 तक सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय आनी के परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के शिशु, बाल एवं किशोर वर्ग के कुल 148 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, योग, भाषण, सुलेख, चित्रकला तथा लोकनृत्य सहित विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।


विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनेक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। खो-खो किशोर वर्ग (भैया), कबड्डी बाल वर्ग (भैया), वॉलीबॉल किशोर वर्ग, लोकनृत्य किशोर वर्ग, शतरंज किशोर वर्ग, शतरंज बाल वर्ग, भाषण प्रतियोगिता किशोर वर्ग, हिंदी एवं अंग्रेजी सुलेख किशोर वर्ग तथा योग बाल वर्ग में विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के प्रतिभागियों ने कई प्रतियोगिताओं में द्वितीय स्थान भी प्राप्त किया। खो-खो किशोर, बाल एवं शिशु वर्ग बहनों की टीमों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी, लोकनृत्य शिशु वर्ग, वॉलीबॉल बाल वर्ग, बैडमिंटन बाल वर्ग (भैया), योग बाल एवं किशोर वर्ग तथा हिंदी एवं अंग्रेजी सुलेख बाल एवं शिशु वर्ग में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उपविजेता रहकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

वहीं चित्रकला किशोर वर्ग, भाषण बाल वर्ग तथा चित्रकला शिशु वर्ग में विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में और वृद्धि की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य निहाल ठाकुर ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय आनी शिक्षा और संस्कारों के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक गतिविधियों में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास करते हैं।

विज्ञापन
उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले आचार्यों, अभिभावकों एवं आयोजन समिति का भी आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।








