फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू,।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) कुल्लू के सचिव विशाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के आपसी सुलह एवं मध्यस्थता के माध्यम से निपटारे के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 जुलाई 2026 कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से वे आपसी सहमति और समझौते के आधार पर अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं। न्याय को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और सरल बनाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 21 अप्रैल से उसके परिसर में ‘समाधान समारोह-2026’ आयोजित किया जा रहा है।


विशाल तिवारी ने बताया कि लंबित मामलों को समाधान समारोह-2026 में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म तैयार किया गया है, जो सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक पक्षकार 31 जुलाई 2026 तक यह फॉर्म भरकर अपने मामले को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे पक्षकारों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके।
इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।







