मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

निर्माणाधीन भवन से गिरकर 27 वर्षीय मिस्त्री की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

फ्रंट पेज न्यूज़ गोहर।

जिला मंडी के गोहर उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत धीस्ती के भलोठी (जाछ) गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। यहां एक निर्माणाधीन निजी भवन में काम करते समय चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विनय कुमार पुत्र ठाकर दास, निवासी गांव पोर्ट (डाकघर जहल) के रूप में हुई है।
40 फुट ऊंचाई से गिरा, नहीं बच सकी जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनय कुमार भलोठी गांव में एक निजी मकान के निर्माण कार्य में बतौर मिस्त्री शटरिंग का काम कर रहा था। मंगलवार दोपहर वह भवन की चौथी मंजिल पर कार्य में जुटा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि काम करते समय उसका पांव फिसल गया और वह करीब 40 फुट की ऊंचाई से सीधे नीचे आ गिरा।
ऊंचाई अधिक होने के कारण उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत उसे संभाला और निजी वाहन से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र की ओर रवाना हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश विनय ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
परिवार का इकलौता सहारा था विनय
विनय कुमार एक साधारण और मेहनतकश परिवार से संबंध रखता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार की सहायता की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page