फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू (बंजार)।
जिला स्तरीय बंजार मेला वर्ष 2026 का आयोजन 16 से 20 मई तक किया जाएगा। इस संबंध में खंड विकास कार्यालय बंजार के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) बंजार पंकज शर्मा ने की।


बैठक के दौरान मेले के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आकर्षक बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही मेले के संचालन हेतु एक समिति का गठन भी किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से देवता श्रृंगा ऋषि जी के कारदार वीरेंद्र कुमार को मेला समिति का अध्यक्ष तथा सुरेश शर्मा को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। समिति को मेले की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने, व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी पंकज शर्मा ने कहा कि बंजार मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसे पारंपरिक गरिमा और आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

विज्ञापन
बैठक में तहसीलदार बंजार नीरज शर्मा, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ललित कुमार, नायब तहसीलदार सहित उपमंडल बंजार के विभिन्न विभागों के कार्यालय अध्यक्षों ने भाग लिया। इसके अलावा देव साहित्य, संस्कृति एवं कला प्रकाशन समिति के सदस्यों की भी उपस्थिति रही।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि मेले को पारंपरिक लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और जनभागीदारी का संगम बनाते हुए भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।














