फ्रंट पेज न्यूज़,कुल्लू।
जिला कुल्लू में खाद्य सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, विभिन्न हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के प्रभावी प्रसार के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग (फूड सेफ्टी विंग) द्वारा 16 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।

यह बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, कुल्लू के सम्मेलन कक्ष में प्रातः 11:30 बजे आयोजित होगी और इसकी अध्यक्षता सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) कुल्लू अनिल शर्मा करेंगे।
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बैठक का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना, खाद्य व्यवसाय संचालकों और उपभोक्ताओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाना है।


विभाग का मानना है कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन, व्यापारिक संगठनों, होटल व्यवसायियों, मीडिया और आम जनता के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी के व्यापक प्रसार, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के प्रभावी उपयोग, व्हाट्सएप समूहों एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए हितधारकों का संचार नेटवर्क विकसित करने तथा खाद्य सुरक्षा अभियानों में मीडिया और व्यापारिक संगठनों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन को मजबूत बनाने और उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श होगा।

इस बैठक में जिला जनसंपर्क अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कुल्लू जिला के विभिन्न व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रतिनिधि, सब्जी मंडी संघों के पदाधिकारी, खाद्य सुरक्षा जागरूकता एवं सूचना प्रसार गतिविधियों की समन्वयक दिव्या ठाकुर, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों सहित अन्य संबंधित हितधारकों को आमंत्रित किया गया है। विशेष रूप से कुल्लू, मनाली, भुंतर, मणिकर्ण, बंजार, आनी, निरमंड, लुहरी, जगातखाना, केलांग और उदयपुर क्षेत्रों के व्यापारिक संगठनों को बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अनिल शर्मा ने सभी संबंधित संगठनों, संस्थाओं और हितधारकों से बैठक में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा क सुरक्षा केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की साझी जिम्मेदारी है। सभी पक्षों के सहयोग और सुझावों से ही सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।







