मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

पलदी क्षेत्र में दो महीनों से गैस सिलेंडर आपूर्ति ठप, ग्रामीणों में बढ़ी परेशानी।

फ्रंट पेज न्यूज़, बंजार।


उपमंडल बंजार के अंतर्गत आने वाले पलदी क्षेत्र में पिछले लगभग दो महीनों से घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर की गाड़ी नियमित रूप से क्षेत्र में न पहुंचने से रसोई से जुड़ी दैनिक आवश्यकताओं पर सीधा असर पड़ा है और लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को लेकर पलदी क्षेत्र के निवर्तमान प्रधान दीवान सिंह ने पहल करते हुए शारदा गैस कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि आगामी तीन से चार दिनों के भीतर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो ग्रामीण मजबूर होकर प्रशासनिक स्तर पर आंदोलन करेंगे।
दीवान सिंह ने बताया कि यदि निर्धारित समय सीमा में समस्या का समाधान नहीं होता है, तो बुधवार को उपमंडल अधिकारी (SDM) बंजार को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की समस्या को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि इस मुद्दे पर एकजुट होकर सहयोग करें, ताकि प्रशासन तक उनकी आवाज मजबूती से पहुंच सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण उन्हें लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की अधिक खपत हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और गैस एजेंसी से मांग की है कि जल्द से जल्द नियमित आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page