फ्रंट पेज न्यूज़ शमशी कुल्लू:
बुनकर क्षेत्र की अग्रणी संस्था भुट्टि-वीवर्ज हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (भुट्टिको) का 86वां वार्षिक साधारण अधिवेशन सभा के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में सभा की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और बुनकरों के हित में लिए गए निर्णयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

सभा की कार्यवाहक मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सूरती देवी ने वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों और 2025-26 की वार्षिक योजना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सभा ने इस वर्ष 13.49 करोड़ रुपये के उत्पादों की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 26 लाख रुपये अधिक है। इस उपलब्धि पर अध्यक्ष ने सभी कर्मचारियों और बुनकर सदस्यों को बधाई दी।
कर्मचारियों व बुनकरों के लिए बड़े फैसले
अध्यक्ष ने अपने संबोधन में बताया कि सभा ने कर्मचारियों और बुनकरों के हित में कई अहम निर्णय लिए हैं
जिस में 15 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई और कर्मचारियों का 10% महंगाई भत्ता बढ़ाया गया।

विज्ञापन
बुनकरों की बुनाई दरों में 10% वृद्धि की गई
इन निर्णयों से संस्था के साथ जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।
नई योजनाएं और विस्तार की दिशा
सभा के भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए अध्यक्ष ने बताया—
आनी में नया शोरूम खोला जाएगा
बिक्री बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी
घाटे में चल रहे शोरूमों को बंद करने की योजना बनाई गई है


ग्राहकों की मांग के अनुसार स्थानीय ऊन और वूल ब्लेंड से सस्ते उत्पाद तैयार किए जाएंगे
प्रशिक्षण और गुणवत्ता सुधार पर जोर
सभा द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों और बुनकरों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी बनाई गई है। इसमें सहकारिता की भावना, अनुशासन और प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञों में
श्री टी.आर. कपूर (पूर्व निदेशक, NCDC)
श्री शेर सिंह (पूर्व निरीक्षक)
श्री शिव चंद (पूर्व अधीक्षक)
आर.आई.सी.एम. चंडीगढ़
की सेवाएं ली जाएंगी, जिनका व्यय सहकारी शिक्षा कोष से वहन किया जाएगा।

इस अधिवेशन में जिला परिषद की पूर्व सदस्य श्रीमती प्रेम लता ठाकुर, सभा उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, मोहर सिंह, निदेशक मंडल के सदस्य—मदन लाल, आत्मा, इंद्रा देवी, जोगध्यान, प्रेम सिंह, सोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बुनकर सदस्य उपस्थित रहे।
कुल 338 सदस्यों में से 166 सदस्यों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो सभा के प्रति सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।

भुट्टिको का यह वार्षिक अधिवेशन न केवल पिछले वर्ष की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करता है, बल्कि भविष्य के लिए स्पष्ट और व्यावहारिक योजनाओं की रूपरेखा भी तय करता है। बिक्री में वृद्धि, कर्मचारियों व बुनकरों के हित में निर्णय और नए विस्तार की योजनाएं इस बात का संकेत हैं कि संस्था निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।













