अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के तहत आयोजित पहली एंटी चिट्टा अंतर जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल मुकाबले रहे रोमांच से भरपूर, 12 जून को होगा खिताबी मुकाबला।
फ्रंट पेज न्यूज़ शिमला।
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित पहली एंटी चिट्टा अंतर जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप में गुरुवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई टीमों ने बेहतरीन खेल भावना, जोश और कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

दिन की शुरुआत मंडी और शिमला ब्लू के बीच हुए मुकाबले से हुई। मैच में मंडी की टीम पूरी तरह हावी नजर आई। खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर शिमला ब्लू को कोई मौका नहीं दिया और लगातार तीन सेट जीतकर 3-0 से एकतरफा विजय दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में शिमला रेड और चंबा आमने-सामने थे। शिमला रेड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन सर्विस, मजबूत डिफेंस और शानदार स्मैश का प्रदर्शन करते हुए चंबा को 3-0 से पराजित कर दिया। पूरे मुकाबले में शिमला रेड की टीम विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखने में सफल रही।

तीसरा मुकाबला हमीरपुर और शिमला येलो के बीच खेला गया। मैच अपेक्षाकृत प्रतिस्पर्धात्मक रहा, लेकिन हमीरपुर की टीम ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। खिलाड़ियों की फिटनेस और संयम ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
दिन का सबसे रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबला कुल्लू और सिरमौर के बीच देखने को मिला।

दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हर अंक के लिए कड़ा संघर्ष किया। पांच सेट तक चले इस मुकाबले में दर्शकों की सांसें थमी रहीं। अंततः कुल्लू ने शानदार वापसी करते हुए सिरमौर को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।


क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद पहला सेमीफाइनल शिमला रेड और हमीरपुर के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन शिमला रेड ने बेहतर रणनीति और सटीक खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-1 से जीत लिया। इस जीत के साथ शिमला रेड ने प्रतियोगिता के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का जोश देखने लायक रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। आयोजकों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों के अनुशासित प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेल समाज को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं।


अब सभी की निगाहें 12 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां विजेता टीम चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम करेगी। खेल प्रेमियों को एक और रोमांचक मुकाबले का इंतजार है।
।










