फ्रंट पेज न्यूज़,गुशैनी,बंजार।
पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह तथा हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने निजी प्रवास के दौरान तीर्थन घाटी का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत शर्ची के बांदल स्थित माता गाड़ा दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों तथा ग्राम पंचायत शर्ची के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट के दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। ग्रामीणों ने विशेष रूप से नगलाड़ी-शर्ची सड़क की स्थिति में सुधार, सड़क के रखरखाव तथा बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई।


उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण सड़क को भारी क्षति पहुंची है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का आग्रह किया।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और जनता की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेन्द्र शौरी ने भी मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र में चल रही विकासात्मक गतिविधियों तथा विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बंजार विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकासात्मक विषय मंत्री के समक्ष रखे।

वहीं, बंजार के उपमंडल अधिकारी (ना.) पंकज शर्मा ने भी बंजार उपमंडल में चल रही विकासात्मक गतिविधियों, प्रशासनिक कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने उपमंडल में संचालित विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान सुरेंद्र ठाकुर प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।









