फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा)आनी।
राज्य स्तरीय दसवीं मेगा मॉक ड्रिल के तहत पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में सोमवार को भूकंप आपदा प्रबंधन को लेकर व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

अभ्यास के दौरान सुबह 10:30 बजे 6.1 तीव्रता के भूकंप का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान जैसे ही आपदा चेतावनी हूटर बजा, विद्यालय में आपदा प्रबंधन के लिए गठित विभिन्न समितियां तुरंत सक्रिय हो गईं। सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को कक्षा अध्यापकों के मार्गदर्शन में सुरक्षित तरीके से अपने सिर को ढकते हुए विद्यालय के प्रार्थना सभा मैदान में पहुंचाया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग को भी आपदा की सूचना दी गई।

स्टेजिंग एरिया में पहुंचने के बाद विद्यार्थियों की कक्षावार गणना (हेड काउंट) की गई, जिसमें प्राथमिक रूप से 42 विद्यार्थियों के विभिन्न कक्षाओं में फंसे होने का काल्पनिक आंकलन किया गया। इसके बाद बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया गया और फंसे हुए विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

बचाव कार्य के दौरान घायल विद्यार्थियों को उनकी चोटों की गंभीरता के अनुसार पीठ पर उठाकर, स्ट्रेचर के माध्यम से तथा अन्य सुरक्षित तरीकों से स्टेजिंग प्वाइंट तक पहुंचाया गया। वहां स्थापित प्राथमिक उपचार केंद्र में अधिकांश विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दर्शाए गए कुछ विद्यार्थियों को आगे उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनी रेफर किया गया।

मॉक ड्रिल में विद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवियों तथा जूनियर रेड क्रॉस के सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों में सहयोग करते हुए आपदा प्रबंधन की विभिन्न प्रक्रियाओं का सफल प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानाचार्य प्रभारी नरेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, जागरूकता और अनुशासित व्यवहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय घबराने या संयम खोने के बजाय योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने से जनहानि एवं अन्य नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षक तथा गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे। मॉक ड्रिल का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सुरक्षित व्यवहार की जानकारी प्रदान करना था।








