मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

जिला स्तरीय “संवाद–2026” में पीएम श्री मॉडल स्कूल बंजार को बेस्ट SMC अवार्ड, प्रथम स्थान

फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू, 15 मार्च।
समग्र शिक्षा तथा डीआईईटी कुल्लू के संयुक्त तत्वावधान में अटल सदन, कुल्लू में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम “संवाद–2026” में पी.एम. श्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बंजार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पी.एम. श्री विद्यालय श्रेणी में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।


यह कार्यक्रम “गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में समुदाय की भूमिका” विषय पर आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों की स्कूल प्रबंधन समितियों (SMC) ने भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यालयों में समुदाय की भागीदारी को बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप निदेशक उच्च शिक्षा (सेकेंडरी) कुल्लू श्री देश राज डोगरा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक शिक्षा (क्वालिटी कंट्रोल) श्री सुनील दत्त ठाकुर ने की।

इस अवसर पर पी.एम. श्री जी.एम.एस.एस.एस. बंजार की स्कूल प्रबंधन समिति को विद्यालय विकास, सामुदायिक सहयोग तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रोत्साहित करने में उत्कृष्ट योगदान के लिए “Best SMC Award – First Position” से सम्मानित किया गया।


यह उपलब्धि एसएमसी अध्यक्ष श्री धनी राम तथा विद्यालय प्रधानाचार्या मिस सुनीता ठाकुर के नेतृत्व, विद्यालय परिवार की प्रतिबद्धता, शिक्षकों के समर्पण और स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता का परिणाम मानी जा रही है। कार्यक्रम में विद्यालय द्वारा समुदाय के सहयोग से विद्यार्थियों के शैक्षिक, नैतिक और समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की विशेष सराहना भी की गई।
इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे बंजार क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय, अभिभावकों और समुदाय के बीच मजबूत समन्वय का यह उदाहरण अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत माना जा रहा है

You cannot copy content of this page