फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
राज्य स्तरीय बाल मेले में इस बार कुल्लू जिले के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा परचम लहराया कि पूरा जिला गौरवान्वित हो उठा। हमीरपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल्लू के नन्हे प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान अपने नाम किए।

टीएलएम प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मंगलौर की छात्रा तेंन्जिना परमार ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। इसी पाठशाला की छात्रा सरस्वती ने चमच्च दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक विद्यालय बंजार की रिशिका ठाकुर ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। वहीं ड्राइंग एंड पेंटिंग प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला मनाली की छात्रा नवान्या ने प्रथम स्थान प्राप्त कर रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आरूषी और मानवी की जोड़ी ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि सोलो सॉन्ग में सुकन्या ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप डांस में भी कुल्लू की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मिडिल स्तर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अनिकेत ठाकुर और निलेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सोलो डांस में दिव्या नेगी ने तृतीय स्थान हासिल किया तथा भाषण प्रतियोगिता में भी जिले के प्रतिभागी ने पहला स्थान प्राप्त कर अपनी वक्तृत्व कला का लोहा मनवाया।
सेकेंडरी स्तर पर पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुल्तानपुर की शुभांजलि शर्मा ने साइंस एग्जीबिशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही इसी विद्यालय की छात्राओं ने एकल गीत और समूह गान प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर संगीत के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई।
इस उपलब्धि पर उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता एवं प्रारंभिक शिक्षा तथा जिला परियोजना अधिकारी कुल्लू डॉ. सुनील दत्त ठाकुर ने सभी विद्यार्थियों और प्रभारी अध्यापकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
टीम प्रभारी डॉ. महेश शर्मा, उतम ठाकुर, बृंदा शर्मा, मीरा रानी और सोमा देवी ने बताया कि विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो भविष्य में और बड़ी उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगा।




























