फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर(विजय)।
राजकीय माध्यमिक पाठशाला भोजपुर में विद्यार्थियों और अभिभावकों को गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन विषय पर एक विस्तृत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. आलोक शर्मा का पारंपरिक हिमाचली टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

अपने संबोधन में डॉ. आलोक शर्मा ने किशोरावस्था में एचपीवी वैक्सीन लगवाने के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि यह वैक्सीन भविष्य में होने वाली कई गंभीर बीमारियों, विशेषकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। साथ ही उन्होंने समय पर टीकाकरण को बेटियों के स्वस्थ भविष्य से जोड़ते हुए इसे आवश्यक बताया।
विद्यालय के शास्त्री अध्यापक रोशन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के साथ लगभग 90 अभिभावकों ने भाग लिया और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्रों की उपस्थिति भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पूर्व छात्र इंजीनियर अरुण शर्मा, समाजसेवी सुरेश कौशल उर्फ बब्बू पंसारी, विकास पुरी और शाहिद सहित कई पूर्व विद्यार्थियों ने न केवल कार्यक्रम में भाग लिया बल्कि विद्यालय के भौतिक विकास में हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई।
कार्यक्रम के दौरान नर्मदा देवी, वनिता देवी, मनीषा, विद्या, रजनी वर्मा, जय विनोद कुमार और सुभाष सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने इस जागरूकता अभियान को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, बल्कि अभिभावकों और विद्यालय के बीच समन्वय का भी एक सशक्त उदाहरण बना।


























