फ्रंट पेज न्यूज़,कुल्लू।
खाद्य सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने, विभिन्न हितधारकों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा आमजन तक सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों से संबंधित जानकारी के प्रभावी प्रसार के उद्देश्य से आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कुल्लू के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक का आयोजन सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कुल्लू अनिल शर्मा की अध्यक्षता में प्रातः 11:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों, संस्थानों, संगठनों तथा खाद्य व्यवसाय से जुड़े हितधारक भाग लेंगे और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में जन-जागरूकता को सुदृढ़ बनाने के लिए अपने सुझाव एवं विचार साझा करेंगे।


बैठक का मुख्य उद्देश्य खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा जनहित में संचालित गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक रूप से विचार-विमर्श करना है। इस दौरान हितधारकों के अनुभवों एवं सुझावों के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रहेगी कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू विशेष अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वे खाद्य सुरक्षा एवं जन स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंधों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे तथा उपस्थित प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कुल्लू अनिल शर्मा ने सभी आमंत्रित हितधारकों से कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही इस दिशा में प्रभावी परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक में प्राप्त सुझाव खाद्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।







