फ्रंटपेज न्यूज़ (राज शर्मा)आनी।
ग्राम पंचायत कोहिला के अंतर्गत चकाली, रगेड़, चकलेड़ और छमेड गांवों में वित्तीय डिजिटल साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया। ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक आनी शाखा के बैंक प्रबंधक अनिल शर्मा, सहप्रबंधक अतुल शर्मा तथा बैंक प्रतिनिधि डोलम देव ने उपस्थित होकर ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान लगभग 53 ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन की प्रक्रिया, ऑनलाइन भुगतान प्रणालियों और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।
सहप्रबंधक अतुल शर्मा ने आधुनिक समय में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड और वित्तीय अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि मोबाइल फोन पर प्राप्त होने वाला ओटीपी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें और संदिग्ध कॉल या लिंक से दूरी बनाए रखें।
इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। डिजिटल भुगतान के लिए गूगल पे जैसे माध्यमों का सुरक्षित उपयोग, पशुपालन से संबंधित योजनाएं तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया, जिससे लोगों को घर बैठे बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सके।
शिविर के अंत में ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
फोटो कैप्शन: ग्राम पंचायत कोहिला में आयोजित डिजिटल साक्षरता शिविर में बैंक अधिकारियों के साथ उपस्थित ग्रामीणों का सामूहिक चित्र।
कोहिला पंचायत में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर, 53 ग्रामीणों ने सीखी सुरक्षित बैंकिंग की बारीकियां
On: February 19, 2026 8:22 PM




























