फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
जिला पुलिस कुल्लू की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत भुंतर पुलिस को दो अलग–अलग मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। एक ओर गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी भूईन में दबिश देकर किरायेदार के कब्जे से चिट्टा बरामद किया गया, वहीं पूर्व में दर्ज मामले में

अंतरराज्यीय सप्लायर को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को पुलिस थाना भुंतर की टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर बड़ी भूईन स्थित एक रिहायशी मकान की भूतल मंजिल में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे में रह रहे किरायेदार अर्जन मसीह (21 वर्ष) पुत्र काला मसीह, निवासी वार्ड नंबर 1 फॉरेस्ट चौक शमशी, तहसील भुंतर जिला कुल्लू के कब्जे से 40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, ₹4,500 नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन तथा एक लाइटर बरामद किया गया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना भुंतर में धारा 21 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशा कहां से लाता था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
दिल्ली एयरपोर्ट से दबोचा गया अंतरराज्यीय सप्लायर
दूसरा मामला 29 जनवरी 2026 को दर्ज उस एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें पुलिस ने 29 ग्राम चिट्टा के साथ पंजाब के संगरूर निवासी दो युवकों गुरवेन्द्र और हरमन सिंह को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह खेप पुनीत कुमार उर्फ पैरी (26 वर्ष) निवासी रामपुरा जवाहरवाला, तहसील लहरागागा जिला संगरूर (पंजाब) से ₹31,500 में खरीदी थी।
खुलासे के बाद आरोपी पुनीत कुमार फरार हो गया था और उसके विदेश भागने की आशंका के चलते उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया।
19 फरवरी 2026 को उसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नई दिल्ली पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने दुबई जाने की कोशिश करते समय रोक लिया। बाद में भुंतर पुलिस उसे ट्रांजिट में लाकर पूछताछ के बाद धारा 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में नशे की खरीद–फरोख्त, आपूर्ति स्रोत और पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए गहन जांच जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और रिमांड के दौरान कई अहम खुलासों की संभावना है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि युवाओं को इस जहर से बचाया जा सके।




























