फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
नगर पंचायत बंजार के सभागार में सीवरेज व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने और नई लाइन बिछाने के कार्य को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईपीएच/जल शक्ति विभाग तथा नगर पंचायत बंजार के निवर्तमान जनप्रतिनिधि एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
बैठक में सीवरेज की मुख्य लाइन तथा वार्डवार लिंक लाइनों को जोड़ने की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में दो प्रमुख सीवरेज लाइनें बिछाई जाएंगी—एक मुख्य बाजार से सड़क मार्ग होते हुए जाएगी, जबकि दूसरी लाइन खड्ड/नदी के किनारे-किनारे सब्जी मंडी की ओर जाएगी। वहां से बड़ी पाइप के माध्यम से सीवरेज को ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही, जिन क्षेत्रों के घर और प्रतिष्ठान इन लाइनों के दायरे में आएंगे, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से जोड़ा जाएगा।
जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जितना अधिक सहयोग मिलेगा, उतनी ही तेजी और सुगमता से कार्य पूरा किया जा सकेगा।
इस अवसर पर एसडीओ ने आश्वस्त किया कि जहां-जहां लाइन बिछाने से सड़कें या रास्ते क्षतिग्रस्त होंगे, उन्हें पुनः दुरुस्त किया जाएगा। नदी किनारे के संवेदनशील या क्षतिग्रस्त हिस्सों में लाइन बिछाते समय सुरक्षा के लिए डंगे (सुरक्षात्मक दीवारें) भी लगाए जाएंगे, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की क्षति न हो।
बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और हितधारकों ने एकजुट होकर परियोजना को सफल बनाने और वार्ड स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। नगर पंचायत बंजार में सीवरेज व्यवस्था के सुदृढ़ होने से क्षेत्र की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही




























