फ्रंट पेज न्यूज़ आनी (राज शर्मा)।
राजकीय महाविद्यालय आनी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं में मुख्य अतिथि के रूप में जी. बी. पंत मैमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. टी.डी. वर्मा, ललित मोहन, सत्य प्रकाश तथा क्रिकेट कोच प्रेम सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

मार्च पास्ट से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का आरंभ एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर और सीएससीए की टुकड़ियों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुआ। अनुशासन और ऊर्जा से भरपूर इस प्रस्तुति ने समूचे वातावरण को रोमांच से भर दिया।

ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन
महाविद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज प्रो. भुवनेश्वर ने परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि 100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग) में रजत ने प्रथम, सूरज ने द्वितीय और प्रथम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में पालिया स्वाति ने पहला, संजना ने दूसरा और कशिश ने तीसरा स्थान हासिल किया।

लंबी कूद (पुरुष वर्ग) में आर्यन मेहता प्रथम, आरुष द्वितीय और सूरज तृतीय रहे। महिला वर्ग में पालिया ने पहला, संजना ने दूसरा और पम्मी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
डिस्कस थ्रो (पुरुष वर्ग) में सूरज ने पहला, सलीम ने दूसरा और आर्यन मेहता ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में पम्मी, पालिया स्वाति और आरती क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं।
भाला फेंक में कमलेश (पुरुष) और पम्मी (महिला) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रजत व पालिया स्वाति ने द्वितीय तथा आशित व कशिश ने तृतीय स्थान हासिल किया।
शॉट पुट थ्रो में आरती (महिला) और आर्यन (पुरुष) प्रथम, कशिश व सलीम द्वितीय तथा पालिया व आशित तृतीय स्थान पर रहे।
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में प्रो. पुष्पा गुलेरिया ने बाजी मारकर सभी को उत्साहित किया।
बेस्ट एथलीट का सम्मान
विभिन्न प्रतियोगिताओं के समग्र प्रदर्शन के आधार पर महिला वर्ग में पालिया स्वाति और पुरुष वर्ग में सूरज को “बेस्ट एथलीट” घोषित किया गया।
खेलों के महत्व पर दिया संदेश
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
मुख्य अतिथि डॉ. पंकज बसोतिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा मादक पदार्थों से दूर रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और प्रत्येक व्यक्ति को इन्हें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, पीटीए कार्यकारिणी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


























