मौसम क्रिकेट Sports बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल मेले और त्यौहार राशिफल आध्यात्मिक crime

---Advertisement---

10 से 23 जुलाई तक होगी श्री खंड महादेव कैलाश यात्रा, छह सेक्टरों में बांटा गया यात्रा मार्ग।

---Advertisement---



फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंद्र शर्मा)निरमंड, कुल्लू।


उत्तर भारत की सबसे कठिन, रोमांचक और आस्था से जुड़ी धार्मिक यात्राओं में शामिल श्री खंड महादेव कैलाश यात्रा इस वर्ष 10 जुलाई से 23 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के सफल संचालन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को निरमंड समिति सभागार में श्री खंड यात्रा ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन बुद्धि सिंह ठाकुर ने की।


बैठक में यात्रा से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष यात्रा का आधिकारिक आयोजन 10 जुलाई से 23 जुलाई तक किया जाएगा।

विज्ञापन


बैठक में जानकारी दी गई कि यात्रा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। मेडिकल, राजस्व, पुलिस, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग तथा बचाव दलों की विशेष तैनाती यात्रा मार्ग पर सुनिश्चित की जाएगी।

विज्ञापन


श्री खंड यात्रा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड डॉ. जगदीप सिंह राठौर ने बताया कि इस बार यात्रा मार्ग को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। बागीपुल से श्री खंड महादेव तक के पूरे मार्ग में सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे, जो अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सिंहगाड़, थाचडू, कुनशा, भीम डवारी और पार्वती बाग में बेस कैंप स्थापित किए जाएंगे।

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारी, पर्वतारोहण दल, जल शक्ति विभाग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।


यात्रा के दौरान सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के 18 जवान तथा अविमास (ABVIMAS)के 24 प्रशिक्षित बचाव कर्मियों की तैनाती की जाएगी। ये दल यात्रा मार्ग पर संभावित प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं और अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए चौबीसों घंटे तैयार रहेंगे।

विज्ञापन


बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष श्री खंड यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सीमित संख्या में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्रशासन द्वारा पोर्टल को जल्द ही आम श्रद्धालुओं के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है, जिससे यात्रियों को घर बैठे पंजीकरण की सुविधा मिल सके।

विज्ञापन


बैठक में तहसीलदार निरमंड रजत शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आनंद शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग किशोर कुमार, डीएफओ चमन राव, एसडीओ लोक निर्माण विभाग राकेश नेगी, बीडीओ नरेश कुमार, कार्यकारी बीएमओ प्रदीप नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने यात्रा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

विज्ञापन


प्रशासन और श्री खंड यात्रा ट्रस्ट का कहना है कि इस वर्ष यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, ताकि देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालु निर्बाध रूप से भगवान श्री खंड महादेव के दर्शन कर सकें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

error: Content is protected !!