फ्रंट पेज न्यूज़ (प्रमेश शर्मा),बंजार।
बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेन्द्र शौरी ने तीर्थन घाटी प्रवास के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।

विधायक सुरेन्द्र शौरी ने बंजार लोक निर्माण मंडल के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-III के तहत निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों में आ रही धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए इन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन कार्यों में तेजी लाना आवश्यक है।
उन्होंने पीएमजीएसवाई-IV के अंतर्गत स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं पर भी शीघ्र कार्य आरंभ करने का आग्रह किया।

साथ ही एनएच-305 सहित क्षेत्र की अन्य सड़कों पर चल रहे टारिंग कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि लोगों को बेहतर और टिकाऊ सड़क सुविधाएं मिल सकें।
मुलाकात के दौरान बंजार विधानसभा क्षेत्र की विकासात्मक प्राथमिकताओं, सड़क संपर्क, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य जनहित के विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

विधायक शौरी ने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं से मंत्री को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
इस अवसर पर तुंग समिति के वार्ड सदस्य पवन सिंह, शिल्ही पंचायत के प्रधान चिराग ठाकुर तथा तुंग पंचायत के पूर्व प्रधान घनश्याम ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगों और समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।

विधायक सुरेन्द्र शौरी ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को वह निरंतर सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष उठाते रहेंगे, ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।










