बुनकरों के लोकगीत और नाटी ने बांधा समां, सहकारी मॉडल की सराहना
फ्रंट पेज न्यूज़ शमशी कुल्लू।
देश की अग्रणी सहकारी संस्था भुट्टिको (Bhuttico) में मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार चौधरी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने मंत्री को संस्था की फैक्टरी तथा बुनकर कॉलोनी परिसर का विस्तृत भ्रमण करवाया और संस्था की कार्यप्रणाली, उत्पादन व्यवस्था तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।


भ्रमण के दौरान अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर ने बताया कि भुट्टिको ने कोरोना महामारी और प्राकृतिक आपदाओं जैसे कठिन दौर में भी अपने कारोबार को निरंतर बनाए रखा। अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए संस्था ने न केवल अपनी गतिविधियों को संचालित रखा, बल्कि विकास की दिशा में भी निरंतर कदम बढ़ाए। उन्होंने कहा कि सहकारिता की भावना और बुनकरों के समर्पण के बल पर भुट्टिको आज देश की अग्रणी सहकारी संस्थाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।

इस अवसर पर उपस्थित बुनकरों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार चौधरी ने भुट्टिको की उपलब्धियों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि भुट्टिको ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके कारण संस्था का नाम केवल हिमाचल प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और विदेशों में भी इसकी विशेष पहचान बनी हुई है।

मंत्री ने कहा कि भुट्टिको की सफलता में स्वर्गीय ठाकुर वेदराम जी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और अथक प्रयासों के कारण संस्था ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि भुट्टिको आज देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित सहकारी संस्थाओं में शामिल है तथा सहकारिता क्षेत्र के लिए एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत कर रही है।


संस्था की संपूर्ण कार्यप्रणाली, उत्पादन व्यवस्था और बुनकर कल्याण गतिविधियों का अवलोकन करने के बाद मंत्री ने भुट्टिको के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर, प्रबंधन तथा सभी सदस्यों एवं बुनकरों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्था ने पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम के दौरान भुट्टिको के बुनकरों ने पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत किए तथा हिमाचली संस्कृति की पहचान नाटी का मनमोहक प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया।

इस अवसर पर भुट्टिको के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, मोहर सिंह, निदेशक मदन लाल, सोहन सिंह, इंद्रा देवी (कार्यवाहक मुख्य महाप्रबंधक), महाप्रबंधक, प्रबंधक, अन्य कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में बुनकर उपस्थित रहे।




