फ्रंट पेज न्यूज़ गुशैनी, बंजार।
ग्राम पंचायत शर्ची का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान सुरेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से तीर्थन घाटी प्रवास के दौरान मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष नगलाड़ी-शर्ची सड़क की दयनीय स्थिति, सड़क के पक्कीकरण तथा बस सेवा बहाली सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत करवाया कि वर्ष 2023 और 2025 में तीर्थन क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से ग्राम पंचायत शर्ची के अधिकांश गांव बुरी तरह प्रभावित हुए। बाढ़ के कारण नगलाड़ी से शर्ची तक सड़क नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ। बाढ़ के कारण नगलाड़ी से शर्ची तक सड़क नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ। प्राकृतिक आपदा में लोगों के मकानों, कृषि भूमि और बागवानी फसलों को भी व्यापक क्षति पहुंची, जिससे क्षेत्रवासियों को लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। सड़कें क्षतिग्रस्त होने के कारण किसान अपनी उपज समय पर मंडियों तक नहीं पहुंचा सके।

उन्होंने बताया कि सड़क संपर्क बाधित होने से विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी और कई छात्र-छात्राओं को लगभग 17 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ा। हालांकि लोक निर्माण विभाग द्वारा हाल ही में शर्ची तक छोटे वाहनों के आवागमन के लिए सड़क बहाल कर दी गई है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि बंजार से शर्ची के लिए चलने वाली नियमित बस सेवा पिछले एक वर्ष से बंद पड़ी है। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और आवश्यक सुधार कार्य पूरा होने के बाद बस सेवा को शीघ्र पुनः शुरू किया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल सके।

शिष्टमंडल ने यह भी याद दिलाया कि मुख्यमंत्री के शर्ची दौरे के दौरान नगलाड़ी से बांदल तक लगभग पांच किलोमीटर सड़क के पक्कीकरण के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत लोक निर्माण विभाग ने परियोजना का आकलन तैयार कर स्वीकृति के लिए सरकार को भेज दिया है, लेकिन अभी तक इसकी मंजूरी प्राप्त नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से आग्रह किया कि इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिल सके।

लोक निर्माण मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, उपप्रधान उत्तम राम भारद्वाज, दिनेश्वर डोड, प्रीतम शर्मा, तेज प्रताप गौतम, मुरारी लाल शर्मा, खुशाल देव शर्मा, आदर्श शर्मा, दीपु शर्मा, संजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।








