हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक राजनीति स्वास्थ्य मेले और त्यौहार

“परीक्षा बोझ नहीं, जीवन को समझने का अवसर है” पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, आनी में परीक्षा पे चर्चा का सजीव प्रसारण

On: February 6, 2026 7:47 PM
Follow Us:

फ्रंट पेज न्यूज़ आनी (राज शर्मा)
पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, आनी में बुधवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित संवादात्मक कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा का सजीव प्रसारण अनुशासित, प्रेरणादायी और सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की गंभीर एकाग्रता, आत्मविश्वास और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में परीक्षा को जीवन की अंतिम कसौटी मानने की धारणा को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि परीक्षा केवल सीखने और स्वयं को परखने का एक स्वाभाविक चरण है, न कि भय का कारण। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे तनाव और दबाव से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें तथा अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें।
प्रधानमंत्री ने समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को सफलता की बुनियाद बताया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि परिवार और शिक्षकों का सहयोग विद्यार्थियों के मानसिक संतुलन और लक्ष्य प्राप्ति में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनके संवाद में सरल उदाहरणों और व्यावहारिक अनुभवों ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से सहभागिता की और इसे न केवल परीक्षा की दृष्टि से, बल्कि जीवन को संतुलित और उद्देश्यपूर्ण ढंग से जीने के लिए भी अत्यंत उपयोगी बताया। कई विद्यार्थियों ने कहा कि इस संवाद ने उनके भीतर आत्मबल और स्पष्टता पैदा की है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश ठाकुर ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मानसिक विकास, तनाव प्रबंधन और आत्मविश्वास निर्माण में मील का पत्थर साबित होते हैं। यह पहल बच्चों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन की हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार करती है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और पूरे कार्यक्रम को अनुशासन व गरिमा के साथ सुना।

व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर (X) पर शेयर करने के लिए निम्नलिखित बटन पर क्लिक करें।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page