फ्रंट पेज न्यूज़ आनी (राज शर्मा)।
राजकीय महाविद्यालय आनी, हरिपुर स्थित एनसीसी इकाई द्वारा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के कैडेट्स ने अपने अंतिम वर्ष के कैडेट्स के सम्मान में एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया। समारोह का उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के महाविद्यालय जीवन के अनुभवों को साझा करना और उनके योगदान का सम्मान करना था।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य दायक राम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और अनुभव के बल पर समाज और अपने क्षेत्र में उज्ज्वल स्थान प्राप्त करें।
समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों ने संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपने महाविद्यालय जीवन की यादों को ताजा किया।
कार्यक्रम में जतिन को मिस्टर फेयरवेल और प्रिया को मिस फेयरवेल चुना गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम का सफल संचालन एनसीसी के लेफ्टिनेंट अशोक भारद्वाज के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कैडेट्स को नेतृत्व और अनुशासन के महत्व के बारे में प्रेरित किया तथा कार्यक्रम के आयोजन में उनका मार्गदर्शन किया।
समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अंतिम वर्ष के कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी


















