फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार। भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान पोषण भी पढ़ाई भी के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना बंजार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।
यह प्रशिक्षण 25 दिसंबर से 27 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास को और अधिक मजबूत करना है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी बंजार चंपा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को सुदृढ़ करना है। इसके माध्यम से बच्चों को उचित पोषण के साथ-साथ खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा सकेगी, ताकि कुपोषण की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कुपोषण प्रबंधन, पोषण ट्रैकर के प्रभावी उपयोग तथा ‘नवचेतना’ और ‘आधारशिला’ जैसे पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इससे कार्यकर्ता बच्चों को बेहतर प्री-स्कूल शिक्षा, संतुलित आहार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अधिक सक्षम बनेंगी।

इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यवेक्षक मोतीराम, कश्मीर सिंह नायक, रेखा कुमारी, इंदिरा ठाकुर तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वंदना शर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान बैच में 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं भाग ले रही हैं, जबकि शेष कार्यकर्ताओं को आगामी दूसरे बैच में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास क्षेत्र में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है। इससे न केवल पोषण और शिक्षा के स्तर में सुधार होगा, बल्कि स्वास्थ्य और संपूर्ण विकास के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।


















