हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक राजनीति स्वास्थ्य मेले और त्यौहार

“नशा त्यागें, खेल खेलें” का संदेश: अंतर-महाविद्यालय फैकल्टी क्रिकेट में आनी बना चैंपियन, अनिल कुमार की तूफानी पारी ने दिलाई ट्रॉफी

Follow Us:

फ्रंट पेज न्यूज़ आनी(राज शर्मा)।
राजकीय महाविद्यालय आनी में सोमवार को खेल भावना, आपसी सहयोग और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब आईक्यूएसी सेल, स्पोर्ट्स क्लब तथा एंटी ड्रग्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय अंतर-महाविद्यालय फैकल्टी क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। “एंटी ड्रग – नशा त्यागें, खेल खेलें” थीम पर आधारित इस प्रतियोगिता ने न केवल शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि नशामुक्ति का सशक्त संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया।
इस टूर्नामेंट में राजकीय महाविद्यालय रामपुर, करसोग, लंबाथाच, रिकांगपिओ और मेजबान राजकीय महाविद्यालय आनी की टीमों ने भाग लिया। सभी टीमों के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने मैदान में उतरकर यह साबित किया कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रो. नरेंद्रपाल ने बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थिति दर्ज कराई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दिन का पहला मुकाबला करसोग और लंबाथाच के बीच खेला गया, जिसमें लंबाथाच की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 55 रनों से जीत हासिल की। दूसरे मैच में रामपुर ने रिकांगपिओ को 60 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे मुकाबले में मेजबान आनी और लंबाथाच आमने-सामने हुए। आनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवरों में 114 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में लंबाथाच की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन 95 रन ही बना सकी और आनी ने फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
फाइनल मैच में रामपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 120 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए आनी की ओर से अनिल कुमार ने मात्र 19 गेंदों में 77 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत आनी ने 8.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। उनकी पारी पूरे टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण रही और दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।
समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नशामुक्ति के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए इस पहल की सराहना की।
पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा। यह टूर्नामेंट इस बात का प्रमाण बना कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त उपकरण भी है।

व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर (X) पर शेयर करने के लिए निम्नलिखित बटन पर क्लिक करें।

और पढ़ें

Leave a Comment

You cannot copy content of this page