फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा बंजार में ग्राहक समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक के विभिन्न वर्गों के ग्राहकों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक ताराचंद ने की।

वरिष्ठ प्रबंधक ताराचंद ने बताया कि पीएनबी द्वारा प्रत्येक माह की 10 से 14 तारीख के बीच नियमित रूप से ग्राहक समिति की बैठक आयोजित की जाती है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य बैंक से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और कार्यक्रमों की जानकारी सीधे ग्राहकों तक पहुँचाना है, ताकि वे बैंकिंग कार्यों को सहज, सरल और पारदर्शी ढंग से कर सकें।
बैठक के दौरान कृषि ऋण, अन्य ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा आम ग्राहकों से जुड़ी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्राहकों को बैंक से संबंधित अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला।
बैंक प्रबंधन की ओर से स्पष्ट किया गया कि ग्राहक सुविधा पीएनबी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की कस्टमर मीट से बैंक व ग्राहकों के बीच विश्वास और संवाद को मजबूती मिलती है। ग्राहकों ने बैठक को उपयोगी बताते हुए नियमित आयोजन की सराहना की।




























