हिमाचल प्रदेश स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश-विदेश राशिफल लाइफ - साइंस आध्यात्मिक राजनीति स्वास्थ्य मेले और त्यौहार

कांग्रेस सरकार की कथनी–करनी में भारी अंतर, लोकतंत्र और विकास दोनों को कुचल रही है सरकार : राकेश जमवाल

Follow Us:

फ्रंट पेज न्यूज़ (विजय)सुन्दरनगर।


बटवाड़ा में जनसंपर्क के दौरान बोले राकेश जमवाल — जनविरोधी निर्णयों के लिए याद किए जाएंगे मुख्यमंत्री सुक्खू

हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी में ज़मीन–आसमान का फर्क है। बटवाड़ा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार प्रदेश को सुनियोजित तरीके से बदहाली की ओर धकेल रही है। एक ओर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आर्थिक संकट का रोना रोते हैं, वहीं दूसरी ओर अपने मित्रों, चहेतों और पार्टी से जुड़े लोगों को लाभ के पदों पर बैठाकर जनता के पैसे की खुली बर्बादी की जा रही है।
राकेश जमवाल ने कहा कि बटवाड़ा पटवार सर्कल को डि-नोटिफाई करना कांग्रेस सरकार की बदले की राजनीति और जनविरोधी सोच का जीवंत उदाहरण है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जहां सड़क, बस सेवा और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गईं, आज उसी क्षेत्र को प्रशासनिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एजेंडा विकास नहीं, बल्कि भाजपा द्वारा किए गए कार्यों को खत्म करना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केवल बहानों की राजनीति कर रही है—कभी आर्थिक संकट का हवाला, कभी केंद्र सरकार पर आरोप और कभी कानूनी प्रक्रियाओं का दुरुपयोग। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार को केवल अपनी कुर्सी बचाने की चिंता है।
राकेश जमवाल ने स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव न करवाने को लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा प्रहार बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू पंचायत चुनावों से क्यों भाग रहे हैं? क्या उन्हें जनता के फैसले पर भरोसा नहीं है? चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान न करना कांग्रेस सरकार की लोकतंत्र-विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि सरकार एक ओर आर्थिक तंगी का रोना रोती है, वहीं दूसरी ओर पंचायत चुनाव रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में महंगे और बड़े वकीलों की फौज खड़ी कर दी जाती है। यह स्पष्ट करता है कि संकट आर्थिक नहीं, बल्कि राजनीतिक है।
राकेश जमवाल ने कहा कि आज प्रदेश की पंचायतें बेसहारा हैं, ग्रामीण विकास ठप है और आम जनता त्रस्त है। कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर कर हिमाचल की जड़ों पर चोट की है। भाजपा ने हमेशा गांव, गरीब और पंचायती व्यवस्था को सशक्त किया है, जबकि कांग्रेस उसे समाप्त करने पर तुली हुई है।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इस लोकतंत्र-विरोधी, विकास-विरोधी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और हिमाचल की जनता को कांग्रेस सरकार की सच्चाई से लगातार अवगत कराती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब समझ चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका करारा जवाब मिलेगा।

व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर (X) पर शेयर करने के लिए निम्नलिखित बटन पर क्लिक करें।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page