पतलीकूहल में जुटेंगे किसान, बागवान और कृषि विशेषज्ञ; कृषि एवं पशुपालन मंत्री करेंगे शुभारंभ।
फ्रंट पेज न्यूज़ कुल्लू।
कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा 16 जून 2026 को कुल्लू जिले के पतलीकूहल में एक भव्य किसान विज्ञान मेला-2026 आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य किसानों और बागवानों को कृषि क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधानों, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।

मेले का शुभारंभ प्रातः 11 बजे होगा। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ तथा एपीएमसी कुल्लू-लाहौल स्पीति के चेयरमैन राम सिंह मियां विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार मेले में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान, बागवान, स्वयं सहायता समूह, कृषि वैज्ञानिक तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, फसल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, जल संरक्षण, बागवानी विकास तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी।

मेले में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीजों, नई फसल किस्मों तथा कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलेगी। विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान भी करेंगे तथा खेती को लाभकारी बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

कृषि विभाग ने क्षेत्र के किसानों, बागवानों तथा आम लोगों से इस विज्ञान मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। विभाग का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आयोजकों ने बताया कि यह मेला किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और नवाचार का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जिससे उन्हें कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं और सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।












