फ्रंट पेज न्यूज़ (आनी)
आनी उपमंडल के एकमात्र भगवान श्रीराम मंदिर, रिवाड़ी में आयोजित राम कथा यज्ञ का समापन पावन पर्व श्रीराम नवमी के अवसर पर विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन का समापन कथावाचक संत शिरोमणि 1008 श्री श्री हनुमानदास महात्यागी द्वारा पूर्णाहुति के साथ किया गया।

नवरात्रि के प्रथम दिन से लेकर राम नवमी तक चले इस भव्य आयोजन में श्रीरघुनाथ मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे नौ दिनों तक महात्मा जी के मुखारविंद से राम कथा का अमृतपान कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
समापन दिवस पर विशेष रूप से हवन-पाठ, कन्या पूजन तथा हलवा प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस कथा यज्ञ में महिला मंडल रिवाड़ी के साथ-साथ लंकागई, चपोहल, गोहान, रौ और दलाश की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में भक्ति की गूंज सुनाई दी और श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
मंगलवार सायंकाल चौवासी एसएमएस ग्रुप द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भजन गायकों में अध्यापक सूबे राम, प्रदीप शास्त्री, युवराज तथा ढोलक वादक विनोद कुमार ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्रीराम मंदिर कमेटी के प्रधान डॉ. मुकेश शर्मा ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समस्त ग्रामीणों के तन-मन-धन से सहयोग के कारण ही इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सफल हो पाते हैं। संत महात्माओं के सानिध्य में ग्रामवासियों को घर बैठे तीर्थ समान पुण्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर डॉ. मुकेश शर्मा के साथ राजकुमार शर्मा, सुनंदन शर्मा, दलीप शर्मा, भानु प्रकाश, कैलाश भारद्वाज, रामेश्वर, प्रदीप शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं सहयोगकर्ता उपस्थित रहे।

















