15 अप्रैल तक मांगें पूरी न होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी।
फ्रंट पेज न्यूज़ (भुंतर) कुल्लू।
हिमाचल प्रदेश पेंशनभोगी संघ, खण्ड भुंतर की समीक्षा बैठक शनिवार को बालगोपाल भवन शमशी में अध्यक्ष ओंकार दत्त शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संघ के प्रदेशाध्यक्ष एल.आर. गुलशन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

बैठक के दौरान पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेशाध्यक्ष एल.आर. गुलशन ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तथा उसके बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों और पेंशनरों के संशोधित वेतनमान का एरियर, संशोधित पेंशन ग्रेच्युटी, 40 प्रतिशत पेंशन कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट, मेडिकल बिल तथा जुलाई 2023 से देय 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते की पांच किस्तों सहित जनवरी 2022 से लंबित महंगाई भत्ते के एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार खराब आर्थिक हालात का हवाला देकर पेंशनरों और कर्मचारियों की करोड़ों रुपये की वित्तीय देनदारियों को टाल रही है। आगामी वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में भी इन देनदारियों के एकमुश्त भुगतान के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया, जिससे पेंशनरों में सरकार के प्रति भारी रोष है।
गुलशन ने कहा कि पेंशनर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं और कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात भी कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन में 3 प्रतिशत कटौती को भी अनुचित बताया।

प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की कि 15 अप्रैल को रिकांगपियो (किन्नौर) में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस कार्यक्रम के अवसर पर पेंशनरों की सभी लंबित देनदारियों के एकमुश्त भुगतान की घोषणा की जाए।
उन्होंने संयुक्त संघर्ष समिति और पेंशनर फ्रंट के नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे पेंशनरों की मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने के बजाय आपसी वर्चस्व की लड़ाई में उलझे हुए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 अप्रैल तक पेंशनरों की मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो पेंशनर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर जिला कुल्लू पेंशनभोगी संघ के अध्यक्ष दयाल सिंह ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भुंतर खंड के महासचिव खुशहाल चंद नेगी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओंकार दत्त शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एसपी सागर, सुरेश कुमार शर्मा, कुल्लू शहरी इकाई के अध्यक्ष तेज सिंह ठाकुर, राधा देवी, शिवलाल, बती देवी, चेतराम सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।

















