मौसम क्रिकेट Sports बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल मेले और त्यौहार राशिफल आध्यात्मिक crime

---Advertisement---

आनी-थाच, सिन्वी-पोखरी सड़क पर एक वर्ष से बस सेवा ठप, पांच पंचायतों के लोग परेशान।

---Advertisement---


फ्रंट पेज न्यूज़ (छविंदर शर्मा)आनी (कुल्लू)।

आनी उपमंडल की महत्वपूर्ण सिन्वी-पोखरी, कंडाधार-थाच तथा जीरो प्वाइंट च्वाई नाला से पोखरी सड़क पर पिछले लगभग एक वर्ष से बस सेवा बंद होने के कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति और बस सेवा बहाल न होने को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।


भाजपा हिमाचल प्रदेश के आईटी सहसंयोजक एवं ग्राम पंचायत पोखरी के उपप्रधान आशीष शर्मा ने प्रदेश सरकार, लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2025 की बरसात के दौरान सड़क को हुए नुकसान के बाद आज तक बस सेवा पूरी तरह बहाल नहीं की जा सकी है। उन्होंने इसे सरकार और संबंधित विभागों की बड़ी विफलता बताया।

विज्ञापन


आशीष शर्मा ने कहा कि बरसात समाप्त हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और सुरक्षा कार्य अभी तक पूरे नहीं हो पाए हैं। परिणामस्वरूप क्षेत्र की पांच पंचायतों के हजारों लोग नियमित परिवहन सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके बंद रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र के लोग केवल आनी-मुहान कोठी-टकरासी बस सेवा पर निर्भर हैं। एकमात्र बस होने के कारण प्रतिदिन क्षमता से कहीं अधिक यात्रियों को सफर करना पड़ रहा है। कई बार बस में 40 से 50 अतिरिक्त यात्री यात्रा करने को मजबूर होते हैं, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं।

अचिंत्य कैंपिंग


उपप्रधान ने कहा कि बस सेवा बंद होने का सबसे अधिक प्रभाव विद्यार्थियों, मरीजों, बुजुर्गों, किसानों तथा नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि मरीजों और बुजुर्गों के लिए अस्पतालों तक पहुंचना चुनौती बन गया है। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में अतिरिक्त खर्च और समय लग रहा है तथा दैनिक आवागमन करने वाले कर्मचारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

विज्ञापन


आशीष शर्मा ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के क्षतिग्रस्त स्थलों पर शीघ्र सुरक्षा दीवारें और डंगे लगाए जाएं, ताकि सड़क को सुरक्षित रूप से यातायात के लिए बहाल किया जा सके। साथ ही उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम से आग्रह किया कि जब तक सड़क पूरी तरह बहाल नहीं होती, तब तक पोखरी बस सेवा को करोट तक नियमित रूप से संचालित किया जाए, जिससे यात्रियों की भीड़ और ओवरलोडिंग की समस्या कम हो सके।

ज्ञापन


उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग और सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो क्षेत्र के लोग आंदोलन और विभागीय कार्यालयों के घेराव के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अब और अधिक इंतजार करने के लिए तैयार नहीं है।


आशीष शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों का कोई विरोध नहीं है, लेकिन एक वर्ष तक लोगों को मूलभूत परिवहन सुविधा से वंचित रखना स्वीकार्य नहीं है। सड़क और बस सेवा क्षेत्रवासियों के लिए जीवनदायिनी सुविधा है तथा इसे शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।
उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मनीष ने बताया कि सड़क के कुछ हिस्सों में बरसात के दौरान डंगे और सुरक्षा संरचनाएं क्षतिग्रस्त हुई थीं। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। विभाग सड़क को यथाशीघ्र सुरक्षित बनाकर परिवहन सेवाएं बहाल करने का प्रयास कर रहा है।
ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि विभाग द्वारा प्रस्तावित मरम्मत कार्य जल्द शुरू होंगे और लंबे समय से बंद पड़ी बस सेवा पुनः बहाल होने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

error: Content is protected !!