फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर/मंडी।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय महा-प्रशिक्षण अभियान-2026 के तहत मंडी संसदीय क्षेत्र में आयोजित भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यशाला संगठनात्मक ऊर्जा, राजनीतिक रणनीति और वैचारिक आक्रामकता का बड़ा मंच बनकर उभरी। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को समावेशी ग्रामीण विकास का आधार बताया, वहीं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस के साढ़े तीन साल के कार्यकाल को “विकास शून्य” करार देते हुए भाजपा के इतिहास को विकास, सुशासन और राष्ट्र गौरव का इतिहास बताया।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नाचन विधायक विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद, अजय राणा, प्रियंता शर्मा, तिलक राज शर्मा, आईटी सह संयोजक प्रवीण ठाकुर सहित संसदीय क्षेत्र के विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यशाला में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में संकल्प लिया कि चुनावी विजय का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है और केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना ही प्राथमिक लक्ष्य रहेगा।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए वक्ताओं ने कहा कि साढ़े तीन वर्षों में विकास का कोई ठोस मॉडल सामने नहीं आया और जो भी परियोजनाएं चल रही हैं वे केंद्र सरकार के संसाधनों से संचालित हैं। राज्य सरकार पर अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र को दोष देने की राजनीति करने का आरोप लगाया गया। जनविरोधी निर्णयों से जनता में बढ़ते असंतोष का हवाला देते हुए नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस की विदाई तय है।
डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा की वैचारिक और विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनकर दुनिया को चौंकाया और अंत्योदय अन्न योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज तथा हिमाचल के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीबी उन्मूलन, आवास, जल, स्वास्थ्य, स्वच्छता, किसान सम्मान निधि और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
इसके विपरीत कांग्रेस के इतिहास को उन्होंने विभाजन, आपातकाल, 1984 के दंगे और भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी विचारधारा और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।
श्रीकांत शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में एआई केवल तकनीक नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन रहा है। पंचायती राज संस्थाओं, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और कल्याणकारी योजनाओं में एआई के उपयोग से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। भाषिणी, भारतजेन और आवाज आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भाषा और साक्षरता की बाधाएं टूटेंगी और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने भारत-एआई प्रभाव शिखर सम्मेलन 2026 को विकसित भारत@2047 की दिशा में निर्णायक कदम बताया।
कार्यशाला के अंत में भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, स्पष्ट नीति और जनसेवा के संकल्प के साथ पार्टी प्रदेश और देश में विकास की नई इबारत लिखेगी।


























