फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार (कुल्लू)
भारतीय जनता पार्टी के बंजार मंडल द्वारा आज मुख्यालय में एक विशाल सक्रिय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने संगठन की एकजुटता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।

सम्मेलन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस पार्टी सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार क्षेत्र इस समय सड़कों की बदहाली के सबसे कठिन दौर से गुजर रहा है। खासकर NH-305 पर रोज़ाना लगने वाले लंबे जाम, अधूरे मरम्मत कार्य और धीमी निर्माण गति आम जनता के लिए भारी परेशानी का कारण बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग अब सुविधा की बजाय संकट का कारण बनता जा रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र में कई बस रूट बंद या रद्द हो चुके हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।
विधायक शौरी ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) स्टेज-3 के अंतर्गत स्वीकृत चार सड़कों पर काम ठप होने को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार श्रेय लेने में आगे रहती है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम करवाने में विफल साबित हो रही है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में बंजार विधानसभा क्षेत्र में कोई बड़ा नया विकास कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ता जा रहा है। तैयार हो चुकी पार्किंग का उद्घाटन भी एक वर्ष से अधिक समय से लंबित है, जिसे उन्होंने राजनीतिक कारणों से रोके जाने का आरोप लगाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

















