फ्रंट पेज न्यूज़ आनी (राज शर्मा)।
उपमंडल आनी में प्रशासन और समाज के बीच समन्वय को नई दिशा देते हुए एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट की अध्यक्षता में विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर आपदा प्रबंधन, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे विषयों पर सामूहिक कार्ययोजना तैयार करना रहा। इस दौरान सभी संगठनों का आपसी परिचय करवाया गया और भविष्य में मिलकर कार्य करने की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन का दायित्व नहीं बल्कि समाज की सहभागिता के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी एनजीओ को एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाएगा, जिससे सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान हो सके और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि इस समन्वय मंच में व्यापार मंडल, प्रेस क्लब, मेला समितियां, देव समाज, स्पोर्ट्स क्लब, महिला मंडल, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूह सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भाग ले सकेंगी। प्रशासन ने आने वाले समय में नशा विरोधी अभियान, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, कैरियर काउंसलिंग और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर एनजीओ के सहयोग से व्यापक कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया।
बरसात के मौसम को देखते हुए एसडीएम ने आपदा से निपटने के लिए अग्रिम तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आवश्यक खाद्य वस्तुओं के पूर्व भंडारण को अनिवार्य बताते हुए कहा कि आपात स्थिति में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। आगजनी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने लोगों से गांवों और घरों के आसपास सूखी घास के ढेर न रखने की अपील की और इसके लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
बैठक में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। क्षेत्र के प्राचीन मेलों और प्रमुख धार्मिक आयोजनों की डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं और लोक संस्कृति से जुड़ी रह सकें।
तीन महीने बाद अगली समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शमशरी महादेव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष किशोरी लाल, हिम संस्कृति के अध्यक्ष शिव राज, जिज्ञासा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित संजय छोटू, दीवान राजा, लाल सिंह, प्रकाश चंद, मंजू, चंपा, विद्या देवी, ममता चौहान, पूर्ण शर्मा, कुमार दत्त शर्मा, टेक चंद भारती, संजीव चिता, तिलक राज, परस राम, संतोष, मंगल चंद, रामकृष्ण शर्मा और बालकृष्ण समेत अनेक सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक आनी में प्रशासन और समाज के बीच साझेदारी की मजबूत शुरुआत के रूप में देखी जा रही है, जिससे आपदा के समय त्वरित राहत के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी नई गति मिलेगी।
आनी में एसडीएम की अगुवाई में एनजीओ का साझा मंच तैयार, आपदा से नशा मुक्ति तक मिलकर चलेंगे अभियान
On: February 25, 2026 7:32 PM


























