कुल्लू में नशा तस्करी पर पुलिस की सख्ती, नेटवर्क की जांच तेज
कुल्लू जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद किया, जिसके बाद उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (NDPS Act) की धारा 18 और 20 के तहत थाना सैंज में मामला दर्ज किया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














