फ्रंट पेज न्यूज़ सुंदरनगर(विजय)।
सुंदरनगर उपमंडल के स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय निहरी में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण के साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। समारोह में सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
महाविद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि सोहन लाल ठाकुर को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में सोहन लाल ठाकुर ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होती, बल्कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भी विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र से प्रदेश में सीबीएसई स्कूलों को स्वीकृति देते हुए नई कक्षाएं शुरू की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की है और 123 प्रधानाचार्यों को पदोन्नत किया गया है। साथ ही महाविद्यालयों में प्रवक्ताओं की नियुक्ति भी की गई है, जिससे अब प्रदेश का कोई भी कॉलेज स्टाफ की कमी से जूझता नहीं है और शिक्षा के स्तर में सुधार हुआ है। इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ और एससीए प्रतिनिधियों ने कॉलेज में रिक्त पदों और अन्य आवश्यक कार्यों को लेकर मांगें भी रखीं, जिन पर सोहन लाल ठाकुर ने उन्हें सरकार के समक्ष उठाकर स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।
समारोह के दौरान महाविद्यालय की प्रधानाचार्य सीमा शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कॉलेज की शैक्षणिक, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। शैक्षणिक क्षेत्र में वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कला संकाय की टॉपर अंजना कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त हतेष कुमार, महक चौहान, बनिता, संतोष कुमार, गीता देवी, थानेश्वरी, उर्वशी, वनिता, आकृति, तृष्णा कुमारी, पुनीत कुमार, लीना देवी, देविन्द्रा कुमारी, ईशा कुमारी, चंचल, चमेली और जीवती को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
एमटीटी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में रेणुका, ऐश्वर्या, वेदिका, स्नेहा, ट्विंकल, हिमांशी वर्मा, रक्षा, महेंद्र ठाकुर, अंजलि, लज्जा, भूमिका, रितु और लेश्मा को सम्मानित किया गया। वहीं खेल एवं अन्य गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों आयुषी, बोध राज, नीरज, प्रिया, उमेश, यशिश कुमार, आकृति, लोकेश, तेजन, दिमेश्वर, श्रेया, मोनिका, वेद प्रकाश, लतेश, सोनाली और पीयूष को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विशेष उपलब्धियों के अंतर्गत आकृति को नेशनल इंटीग्रेशन कैंप में भागीदारी, बेस्ट ग्रुप लीडर और बेस्ट वॉलेंटियर के लिए सम्मानित किया गया, जबकि आयुषी ठाकुर को स्टेट प्री-आरडी कैंप में सहभागिता के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। एनएसएस इकाई के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों हिमांशु, यशिश, प्रतीक्षा, ट्विंकल और आकृति को सम्मानित किया गया, जबकि रोहित कुमार को यूथ फेस्टिवल में भागीदारी के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही सीएससीए सदस्यों और कॉलेज पत्रिका के संपादकों को भी उनके योगदान के लिए विशेष रूप से सराहा गया।

इस समारोह में डिला राम चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, वन विभाग, तहसीलदार, तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निहरी के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. शशि कुमार (इतिहास), प्रो. रूपेश ठाकुर (वाणिज्य), प्रो. करम सिंह (राजनीति विज्ञान), प्रो. ऋषभ भारद्वाज (संगीत) और डॉ. लीलाधर (अंग्रेजी) सहित समस्त गैर-शिक्षण स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान और जलपान के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की।



















