फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
बस सेवाओं की अनियमितता से त्रस्त ग्रामीणों की आवाज़ बनी मांग
बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी बुधवार को ग्राम पंचायत कलवारी के एकदिवसीय दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने नघार, रंबी, मनहौन, फ़ग़रोट, ननौट और देहुरी गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और जमीनी समस्याओं को नज़दीक से जाना। ग्रामीणों ने सड़क व्यवस्था की बदहाली और बस सेवाओं की अनियमितता को लेकर एक स्वर में नाराज़गी जताई, जिस पर विधायक ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
दौरे का सबसे संवेदनशील मुद्दा मनहौन गांव की बंद पड़ी प्राथमिक पाठशाला रहा। ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष स्कूल को पुनः बहाल करने की पुरज़ोर मांग रखी। विधायक शौरी ने मौके से ही एक वीडियो संदेश जारी कर दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, कठिन आवागमन और बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को रेखांकित किया।
उन्होंने सरकार से जनहित में प्राथमिक पाठशाला मनहौन को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पुनः प्रारंभ करने की स्पष्ट मांग की।
विधायक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ऐसे दुर्गम इलाकों में स्कूल बंद होना बच्चों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क और बस सेवाओं में सुधार के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे ताकि ग्रामीणों को रोज़मर्रा की आवाजाही में राहत मिल सके।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान एवं मंगलौर भाजपा मंडलाध्यक्ष डावे राम, चेतन प्रकाश, गुमत राम, बलबीर, जैसी नेगी, रणजीत सिंह, सुंदर सिंह, बहादुर सिंह, हजारी सिंह, टेक सिंह, मोहन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल के लिए आभार व्यक्त

