Site icon

तीन पंचायतों की जनता महीनों से बस सेवाओं से वंचित, सरकार मौन: विधायक सुरेंद्र शौरी


फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार। बंजार विधानसभा क्षेत्र की तीन पंचायतों में महीनों से बंद पड़ी बस सेवाओं को लेकर जनता का सब्र जवाब देने लगा है। शुक्रवार को बंजार से विधायक सुरेंद्र शौरी ने ग्राम पंचायत शिकारीघाट और खाबल का एकदिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पनूला, बागी, खमारडा और सांधा गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और जमीनी हकीकत को नज़दीक से देखा।
ग्रामीणों ने एक स्वर में बताया कि लंबे समय से बस सेवाएं ठप पड़ी हैं, जिससे छात्रों, कर्मचारियों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को रोज़मर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कई गांवों में सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिन पर पैदल चलना तक जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों और मांगों के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।


मौके पर विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बंजार क्षेत्र की जनता के साथ खुला अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो सड़कों के सुधार की कोई प्रभावी योजना दिखाई दे रही है और न ही जनहित से जुड़ी बस सेवाओं की बहाली को लेकर सरकार में इच्छाशक्ति है।

शौरी ने कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण आम लोग परेशान हैं और बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बस सेवाएं बहाल नहीं की गईं और सड़कों की हालत नहीं सुधारी गई, तो जन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को विधानसभा और संबंधित विभागों के समक्ष जोरदार ढंग से उठाएंगे, ताकि ग्रामीणों को उनका हक मिल सके।

Exit mobile version