मौसमक्रिकेटईरान इस्राइल युद्धमेले और त्यौहारस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेश-विदेशराशिफलआध्यात्मिक

हिमाचल प्रदेश का बजट निराशाजनक और जनविरोधी: विधायक सुरेंद्र शौरी ने की कड़ी आलोचना

फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत राज्य बजट 2026-27 को लेकर विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बजट को “पूर्णतः निराशाजनक, दिशाहीन और जनविरोधी” करार देते हुए कहा कि यह आम जनता, किसानों, युवाओं और कर्मचारियों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरा।
सुरेंद्र शौरी ने आज यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पेश 54,928 करोड़ रुपये के इस बजट में प्रदेश की वास्तविक समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं है। विशेष रूप से बंजार विधानसभा क्षेत्र सहित दूरदराज के इलाकों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता नहीं दी गई।
उन्होंने कहा, “बंजार क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े बस रूट, स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों-स्टाफ की कमी और महाविद्यालयों में रिक्त पदों जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार ने कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की।”
विधायक ने बजट को “आंकड़ों और खोखले वादों” का पुलिंदा बताया, जिसमें रोजगार सृजन या आर्थिक मजबूती के लिए कोई दूरदर्शी योजना नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी), जल शक्ति जैसे प्रमुख विभागों में केवल केंद्र सरकार की स्वीकृतियों का जिक्र किया गया है, जबकि राज्य सरकार ने अपने स्तर पर कोई नया प्रयास नहीं दिखाया।

बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी


सुरेंद्र शौरी ने कहा, “प्रदेश की जनता राहत और विकास की उम्मीद लेकर बैठी थी, लेकिन इस बजट से उन्हें केवल गहरी निराशा मिली है। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।” उन्होंने सरकार से मांग की कि वह जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे।


अंत में उन्होंने घोषणा की कि भारतीय जनता पार्टी इस “जनविरोधी बजट” के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद करेगी और सरकार को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास करवाएगी।


बता दें कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने शनिवार को पेश बजट में केंद्र द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद करने को वजह बताते हुए बजट आकार में कटौती की बात कही थी, जिसके चलते विपक्ष ने सदन में हंगामा भी किया।

Leave a Reply

You cannot copy content of this page