मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, बुद्धि सिंह ठाकुर मुख्यातिथि रहे
फ्रंट पेज न्यूज़ (राज शर्मा)आनी।
आनी उपमंडल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय हरीपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि आनी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी परस राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ने अपने संबोधन में संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान बी.ए. एवं बी.कॉम. के वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किए गए। सत्र 2024-25 में बी.ए. प्रथम वर्ष में मीनाक्षी देवी ने 85.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रजनीका द्वितीय और निशा ठाकुर तृतीय स्थान पर रहीं। बी.कॉम. प्रथम वर्ष में ईशा ने प्रथम, तमन्ना ठाकुर ने द्वितीय तथा मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बी.ए. द्वितीय वर्ष में रंजना कौशल ने 81.7 प्रतिशत अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यशवर्धी द्वितीय और नेहा तृतीय स्थान पर रहीं। बी.कॉम. द्वितीय वर्ष में मनोज कुमार ने प्रथम, राहुल ने द्वितीय तथा अंकुर शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बी.ए. तृतीय वर्ष में पवन कुमार ने 82.5 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अक्षय कुमार द्वितीय और अंशिका शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। बी.कॉम. तृतीय वर्ष में पलक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
मुख्यातिथि बुद्धि सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें लोकनृत्य, गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर दलीप जोशी, सत्या प्रकाश, अशोक कुमार, रोकी ठाकुर, योगेंद्र योगी, एसएमसी अध्यक्ष जवाहर लाल ठाकुर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।



















