फ्रंट पेज न्यूज़ आनी(राजशर्मा)।
ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के महत्व को समझाने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय आनी (हरिपुर) में एक प्रेरक और ज्ञानवर्धक व्याख्यान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के एनर्जी क्लब ने एनसीसी और एनएसएस इकाइयों के सहयोग से इस कार्यक्रम को आयोजित किया, जिसमें विद्यार्थियों को ऊर्जा बचत, स्मार्ट मीटर, सौर ऊर्जा और विद्युत सुरक्षा जैसे समकालीन विषयों की उपयोगी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अतिरिक्त निदेशक (जनसंपर्क प्रकोष्ठ) अनुराग पराशर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने अपने व्याख्यान के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ अभियंता विद्युत उप-मंडल आनी जीत कुमार तथा राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (हिमाचल प्रदेश) विविड इंडिया एडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग एजेंसी की प्रतिनिधि साक्षी ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जबकि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने भी कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति दर्ज कराते हुए विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। मंच संचालन एनर्जी क्लब की सदस्य दिव्यांशी नेगी ने किया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को प्रभावशाली ढंग से संचालित किया।
मुख्य वक्ता अनुराग पराशर ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग केवल आर्थिक बचत ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में ऊर्जा बचाने के सरल उपाय बताए और स्मार्ट मीटर की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए समझाया कि यह तकनीक उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण रखने में मदद करती है।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा प्रणाली स्थापित करने पर मिलने वाले अनुदान, लागत और उससे होने वाले दीर्घकालिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी साझा की। उन्होंने विद्युत सुरक्षा के संदर्भ में अर्थिंग के महत्व को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि सुरक्षित विद्युत उपयोग हर उपभोक्ता की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
व्याख्यान के दौरान अनुराग पराशर ने विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा भी दी। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी युवा असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण, सौर ऊर्जा प्रणाली और स्मार्ट मीटर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अनुराग पराशर ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि ऊर्जा संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा का अधिकतम उपयोग आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग सक्रिय रूप से इस दिशा में जागरूकता फैलाए तो देश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ विकल्पों को अपनाने के साथ-साथ इसकी जानकारी समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं।
प्राचार्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के एनर्जी क्लब, एनसीसी और एनएसएस इकाइयों की सराहना करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन एनर्जी क्लब की अध्यक्ष यशवरी द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

















