फ्रंट पेज न्यूज़ तीसा।
चम्बा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच तीसा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। नचनोटी क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी दुकान का पर्दाफाश किया है, जहां बाहर से देखने पर सामान्य चिकन और सब्जी की दुकान दिखाई देती थी, लेकिन अंदर अवैध नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 494 ग्राम चरस बरामद कर दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नचनोटी निवासी कुलदीप पुत्र फलदेव पर लंबे समय से संदेह था कि वह अपनी दुकान में चिकन, अंडे और सब्जियां बेचने की आड़ में चरस की तस्करी करता है। इसी बीच पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली कि दुकान के भीतर नशे की खेप छिपाकर रखी गई है और वहीं से इसकी सप्लाई की जाती है। सूचना मिलते ही तीसा पुलिस ने रणनीति बनाकर जाल बिछाया और शाम के समय अचानक दुकान पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस की नजर दुकान के भीतर रखी एक आटा चक्की पर गई। जब पुलिस ने शक के आधार पर चक्की के नीचे की जांच की तो वहां बड़ी चतुराई से छिपाकर रखा गया एक स्टील का कंटेनर बरामद हुआ। कंटेनर खोलने पर उसके भीतर नीले रंग के लिफाफे में 494 ग्राम चरस पैक की हुई मिली, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना तीसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।































