फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र की सड़कों की स्थिति, विशेषकर एनएच-305, लोक निर्माण विभाग की ग्रामीण सड़कों तथा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पर्यटन सीजन से पहले सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाना और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर अपने सुझाव और चिंताएं रखीं।
बैठक के दौरान एनएच-305 के सहायक अभियंता टेहल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बंजार से औट तक सड़क पर पैचवर्क का कार्य लगभग 3 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से जल्द शुरू किया जा रहा है।
इसके अलावा घियागी से बंजार तक एज-टू-एज सड़क पर टायरिंग का कार्य भी जारी है। उन्होंने कहा कि विभाग चरणबद्ध तरीके से सड़क की गुणवत्ता सुधारने का कार्य कर रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
इसी दौरान हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि विभाग ग्रामीण सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है।
उनका कहना था कि विभाग का लक्ष्य है कि क्षेत्र की सभी प्रमुख ग्रामीण सड़कों को जल्द बस योग्य बनाया जाए, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में खंड विकास अधिकारी बंजार ललित ठाकुर, पवन कुमार अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश शर्मा, कनिष्ठ अभियंता पीडब्ल्यूडी दिनेश शर्मा, कनिष्ठ अभियंता बीडीओ कार्यालय भूषण ठाकुर, अधिवक्ता विनय डोगरा, नगर पंचायत और पुलिस विभाग के अधिकारी, प्रधान व्यापार मंडल बंजार, किशन चौहान (प्रधान, जीभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन – JVTDA), वरुण कुमार (प्रधान, TCTDA) तथा सुरेंद्र ठाकुर (तांदी वैली इको टूरिज्म एसोसिएशन) सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और क्षेत्र की समस्याओं पर अपने विचार साझा किए।
बैठक में उपस्थित व्यापारिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन द्वारा समय पर बैठक आयोजित करने के लिए आभार जताया, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की सड़कों की वर्तमान स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उनका कहना था कि लंबे समय से सड़क मरम्मत और सुधार के आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित गति से कार्य नहीं हो पा रहा है।
प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से एनएच-305, डमोठी–भरठीधार मार्ग, बंजार–बठाहड़ सड़क और बाईपास मार्ग पर कार्य की धीमी गति को लेकर चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि कई स्थानों पर अधूरे कार्यों के कारण यातायात प्रभावित होता है और कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बैठक में मौजूद सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग्रह किया कि सड़क सुधार और निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उनका कहना था कि बंजार और आसपास का क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से तेजी से उभर रहा है और यहां की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर है। ऐसे में मजबूत बुनियादी ढांचा, विशेषकर अच्छी सड़क व्यवस्था, इस क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के समापन पर उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने कहा कि प्रशासन इन सभी मुद्दों को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताया कि अगले माह इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए पुनः बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा, ताकि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले क्षेत्र की सड़क व्यवस्था में स्पष्ट सुधार दिखाई दे और स्थानीय लोगों व पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।




















