फ्रंट पेज न्यूज़ सुन्दरनगर(विजय)।
भारतीय जनता पार्टी सुंदरनगर मंडल द्वारा आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026’ के प्रथम दिन भाजपा कार्यालय सुंदरनगर में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में सुंदरनगर के विधायक एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने विशेष रूप से भाग लिया और कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा तथा सेवा भाव के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डैहर मंडल और सुंदरनगर मंडल से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बना रहा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित एकात्म मानववाद और अंत्योदय का सिद्धांत भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा का आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आज भी इन्हीं सिद्धांतों को मार्गदर्शक मानते हुए कार्य कर रही है और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सेवा का लाभ पहुंचाना ही सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों के विकास को नई दिशा देने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम गांवों को सड़क सुविधाओं से जोड़ने का कार्य तेजी से हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं और लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आया है।
विधायक राकेश जमवाल ने आगे कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध हो रहे हैं, उज्ज्वला योजना के माध्यम से माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से स्वच्छ जल पहुंचाने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, अनुशासन, कार्यशैली और सेवा के संस्कारों से जोड़ते हैं, जिससे वे समाज के बीच और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें।
अंत में राकेश जमवाल ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज के हर वर्ग तक पहुंचें और भाजपा की सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी तथा डैहर मंडल और सुंदरनगर मंडल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।




















