फ्रंट पेज न्यूज़ मनाली।
कुल्लू जिला के पर्यटन नगरी मनाली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना मनाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए होटल के एक कमरे से चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 06 मार्च 2026 को पुलिस थाना मनाली की टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि मनाली के सिमसा क्षेत्र स्थित होटल हिमकुण्ड कॉटेज में ठहरे कुछ युवक नशीले पदार्थों की गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल में दबिश दी।
दबिश के दौरान पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 103 की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में ठहरे राजस्थान के दो युवकों के कब्जे से कुल 15.140 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इस संबंध में पुलिस थाना मनाली में आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने के लिए कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी, आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ चलाया गया अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रदेश में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।































