फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार, कुल्लू।
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के बंजार स्थित तथाकथित सब-डिपो में लंबे समय से बस सेवाओं की बहाली न होने के कारण क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार बंजार सब-डिपो से पहले लगभग 44 रूटों पर नियमित बसें चलती थीं, लेकिन बरसात के बाद से स्थिति यह है कि सिर्फ 5 रूटों पर ही सीमित बस सेवा संचालित हो रही है, वह भी कई स्थानों पर अपने अंतिम गंतव्य तक नहीं पहुंच रही।

शर्ची पंचायत के पूर्व प्रधान हरि सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री ने शर्ची दौरे पर सड़क के लिए दो करोड़ देने और सड़क मार्ग जल्दी बाल करने का आश्वासन दिया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले बंजार-गलवाहधार, बंजार-ग्राहों, बंजार-पेडचा, बंजार-जौरी, बंजार-शर्ची, बंजार-बिहार, बंजार-तांदी और बंजार-चनौन सहित कई दुर्गम क्षेत्रों के लिए दिन में दो से तीन बार बसें चला करती थीं। लेकिन पिछले आठ से नौ महीनों से इन अधिकांश रूटों पर बस सेवा बहाल नहीं हो पाई है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता ग्राहों हेमा वर्मा का कहना है कि बस न चलने से आने जाने की परेशानी के साथ-साथ जेब भी बहुत ढीली हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार परिवहन सुविधा ठप होने से लोगों को मजबूरी में छोटी निजी गाड़ियों का महंगा किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। रोजमर्रा का सामान लाने-ले जाने, अस्पताल या अन्य सरकारी-गैर सरकारी कार्यों के लिए उपमंडल मुख्यालय बंजार पहुंचना भी बेहद महंगा और जोखिम भरा हो गया है।
सरकार की ओर से यह दावा किया जाता रहा है कि प्रदेश में लगभग 80 प्रतिशत बस रूटों पर सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, लेकिन बंजार क्षेत्र की जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी आबादी वाले क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लगभग ठप होने से जनजीवन कई दशक पीछे चला गया है।


ग्राम पंचायत चुनौन निवर्तमान प्रधान चेत राम ठाकुर का कहना है कि इतने लंबे समय तक सड़क मार्गों को ठीक न करना बहुत ही चिंता का विषय है
लोगों का कहना है कि पहले भले ही सड़कों की स्थिति कमजोर थी, लेकिन बस सेवा उपलब्ध होने के कारण आम जनता को राहत मिलती थी। अब हालात ऐसे हैं कि सड़कें होने के बावजूद परिवहन सुविधा के अभाव में लोग पुराने दौर जैसी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
अड्डा इंचार्ज बंजार से बातचीत करते हुए
क्षेत्रवासियों ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि बंजार सब-डिपो के सभी पुराने रूटों पर जल्द बस सेवाएं बहाल की जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही सुचारू हो सके।




























