फ्रंट पेज न्यूज़ बंजार।
जिभी घाटी के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख संगठन Jibhi Valley Tourism Development Association (JVTDA) के आगामी चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny) और नामांकन वापसी की प्रक्रिया 05 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कर ली गई।
चुनाव अधिकारी की देखरेख में यह पूरी प्रक्रिया संघ के संविधान तथा निर्धारित चुनाव नियमों के अनुरूप शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।
चुनाव अधिकारी को अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। जांच और नामांकन वापसी के दौरान लोतम राम ने स्वेच्छा से अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। वहीं जसवंत सिंह द्वारा दाखिल नामांकन पत्र आवश्यक प्रस्तावक और अनुमोदक के अभाव में अपूर्ण पाया गया, जिसके कारण चुनाव नियमों के अनुसार उसे अमान्य घोषित कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त अन्य पदों पर भी चुनावी प्रक्रिया के दौरान कुछ उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए। ऐलु राम ने महासचिव पद के लिए दाखिल अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया, जबकि पदम ने संयुक्त सचिव पद से अपना नामांकन वापस ले लिया।

चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि नामांकन जांच, नामांकन वापसी और संबंधित सभी औपचारिकताएं संघ के संविधान तथा निर्धारित चुनाव प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई हैं।
अब सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद चुनाव परिणाम और निर्वाचित पदाधिकारियों की अंतिम औपचारिक घोषणा 07 मार्च 2026 को चुनाव अधिकारी द्वारा की जाएगी।
जिभी घाटी हिमाचल प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में जिभी वैली पर्यटन विकास संघ की नई कार्यकारिणी से स्थानीय पर्यटन विकास, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन गतिविधियों को बेहतर दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



























